इस आवासीय परिसर का निर्माण हरियाणा पुलिस आवास निगम ने किया है। इस पर लगभग 53 करोड़ की लागत आई है। 364 मकानों के इस परिसर में 13 बहुमंजिले टावर हैं। प्रत्येक टावर में 8 मंजिलें हैं। नीचे की मंजिल में पार्किंग की व्यवस्था है। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों और सहायक पुलिस आयुक्तों के लिए भी यहां आवास बनाए गए हैं।
श्री हुड्डा ने कहा कि जिस प्रकार से हरियाणा प्रति व्यक्ति निवेश, प्रति व्यक्ति आय, शिक्षा, कृषि और कई अन्य क्षेत्रों में देश में एक मिसाल बना हुआ है, उसी प्रकार से कानून-व्यवस्था के मामले में हरियाणा पुलिस का देश में नाम हो। श्री हुड्डा ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस को आधुनिक बनाने के लिए पिछले सात वर्षों में एक बड़ी धन राशि उपलब्ध करवाई है। पुलिस में नई तकनीकों को लागू किया गया है और आधुनिक उपकरण खरीदे गए हैं। कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराधों पर अंकुश रखने के लिए पिछले तीन वर्षों में 7375 नए सिपाहियों की भर्ती की गई है। आईआरबी के लिए 664 सिपाहियों के अलावा 267 सब-इंस्पेक्टर भी भर्ती किए गए हैं। महिलाओं के लिए पुलिस में 10 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप 2203 महिलाएं पुलिस में भर्ती हो चुकी हैं। अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों के लिए भी 3 प्रतिशत पद आरक्षित रखे गए हैं। भविष्य में पुलिस व्यवस्था और मजबूत हो, इसके लिए राज्य सरकार की 10 हजार और पुलिस कर्मियों की भर्ती की योजना है। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि हरियाणा पुलिस अच्छा काम कर रही है, लेकिन इसे और बेहतर बनाना होगा।
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस के महानिदेशक रंजीव दलाल ने कहा कि पुलिस का काम खतरों से भरा है और उनका जीवन तनाव में गुजरता है। पुलिस कर्मी अपने परिवार के साथ भी अधिक समय नहीं गुजार पाते हैं। राज्य सरकार ने इस आवासीय परिसर के रूप में उन्हें एक बेहतर जीवन देने की मिसाल कायम की है। भारत में किसी भी पुलिस विभाग ने इतना बड़ा आवासीय प्रोजैक्ट नहीं बनाया है।
हरियाणा पुलिस आवास निगम के प्रबंध निदेशक बीएस संधु ने सोनीपत, पलवल, गुडग़ांव और अन्य स्थानों पर निगम द्वारा बनाई जा रही आवास परियोजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री सुखबीर कटारिया, विधायक विनोद शर्मा और राव धर्मपाल, पूर्व विधायक श्री धर्मबीर गाबा, गृह सचिव समीर माथुर, मंडल आयुक्त टीके शर्मा, महापौर विमल यादव, पुलिस आयुक्त के के सिंधु, उपायुक्त पीसी मीणा, हुडा प्रशासक डा. प्रवीण कुमार अन्य उपस्थित थे।
0 comments
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.