Tuesday, May 29, 2012

बैंकों में भरे जाएंगे 3000 पद ,पंचकूला-यमुनानगर समेत तीन जिलों से होगी भर्ती शुरू


सहकारी मंत्री सतपाल सांगवान का कहना है कि प्रदेश के को आपरेटिव बैंकों में जल्द ही तीन हजार कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष आनंद सागर के निवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंनेे कहा कि पहले पंचकूला, यमुनानगर सहित तीन जिलों से भर्ती आरंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंकों को कंप्यूटरीकृत करने के लिए कदम उठा लिए गए हैं। इस सिस्टम के लागू होने से बैंकों को लाभ भी अधिक मिल सकेगा और आम आदमी को भी इसका फायदा मिलेगा। सांगवान ने कहा कि प्रदेश में शहरों में आवासीय समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए विभाग और अधिक मकान बनाएगा। उन्होंने कहा कि अगर झज्जर में नगरपालिका कुछ जमीन उपलब्ध कराती है तो यहां भी आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार द्वारा हाउस टैक्स लगाने के सवाल पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि केंद्र से ग्रांट के लिए ऐसा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार इस बात पर भी ध्यान दे रही है कि 250 वर्ग गज के कम के मकानों पर यह टैक्स नहीं लगाया जाए ताकि गरीब लोगों को किसी भी तरह के बोझ से बचाया जा सकेगा।
एम्स टू की ओपीडी शुरू होने पर उन्होंने कहा कि इस इलाके लिए यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद सागर, झज्जर हलका ब्लाक प्रधान मुकेश भदानी, बैंक से जुडे़ अधिकारी भी मौजूद रहे। बाद में उन्होंने पंचायत भवन में जिला कष्ट निवारण एवं परिवेदना समिति की बैठक में रखे गए विवादों का निपटारा भी किया।