बाढड़ा (भिवानी)। खंड के सरकारी विद्यालयों में दो माह से वेतन व एलटीसी सुविधा न मिलने पर गुस्साए शिक्षकों ने खंड शिक्षा कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के हलकाध्यक्ष रविंद्र सिंह दातौली की अध्यक्षता में क्षेत्र के अध्यापकों की लंबित समस्याओं को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया गया। धरने को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष रामफल डूडी व अध्यापक नेता महाबीर सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को जानबूझ कर अनदेखा किया जा रहा है। इससे अध्यापकों में विभाग के प्रति गहरा रोष है।
इस दौरान शिक्षकों ने पिछले दो माह का बकाया शेष वेतन देने, एलए राजेंद्र सिंह की प्रति नियुक्ति को तुरंत रद करने, एलटीसी स्वीकृति को दूर करने, सभी शिक्षकों की जमा की फाइलों को गुम करने की जांच कर सभी को एलटी सुविधा मुहैया करवाने, पार्ट टाइम कर्मचारियों के समय पर वेतन जारी करने, वर्ष 2009 में नियुक्त अध्यापकों के वेतन की विसंगति दूर करने, सभी कर्मचारियों के एरियर व वेतन संबंधी समस्याओं का निपटारा किए जाने की मांग की।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी सुनवाई नहीं की गई तो वे बेमियादी आंदोलन शुरू कर देंगे। धरने पर बैठे शिक्षकों को खंड शिक्षा अधिकारी दयानंद झोझू ने आश्वासन दिया कि उनके खातों में एक माह का वेतन डाल दिया गया है और उनकी शेष समस्याओं पर जल्द ही समाधान का प्रयास किया जाएगा। धरने में राजबीर बिलावल, अजय वर्मा धनासरी, सोमबीर जग रामबास, प्रोफेसर महेश शर्मा, खंड सचिव रामपाल, सुरेश बेरला, महेश गोकल, राजबीर धनासरी, कुलदीप शास्त्री, खुशीराम, विनोद, बिमलेश काकड़ौली, रामपाल डांडमा, शमशेर माई, रोशन, रणधीर रामबास, महेंद्र जेवली आदि मौजूद रहे।