Tuesday, May 29, 2012

पंजाब में अफसरों की छुट्टी पर ब्रेक!


 पंजाब में जून में अफसरों को छुट्टी नहीं मिलेगी। जून माह में होने वाले बजट सत्र के दौरान ए और बी श्रेणी के अधिकारी छुट्टी पर नहीं जा सकेंगे। प्रदेश सरकार ने सभी विभागाध्यक्ष, मंडलायुक्तों, डिप्टी कमिश्नरों और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य के अधिकारियों (ए और बी) को निर्देश दिए हैं कि जून माह में विस के बजट सत्र के दौरान कोई अधिकारी छुट्टी न लें। लिखित निर्देशों में कहा गया है कि विभाग में कार्यरत कैटेगरी ए एवं बी के अधिकारियों को आगामी द्वितीय बजट सत्र के दौरान छुट्टी न दी जाए।
सरकार के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि विधानसभा के दौरान कार्य को शीघ्र अटेंड करने की जरूरत होती है और संबंधित अधिकारी के छुट्टी पर जाने की सूरत में कार्य प्रभावित होता है। बजट सत्र का कार्य सुचारू ढंग से चलाने के लिए अधिकारियों की छुट्टी पर रोक लगाई गई है। यह भी स्पष्ट किया कि मजबूरी के कारण किसी अधिकारी को छुट्टी देने की सूरत में विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित बनाएं कि संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति में उसके कार्य को निपटाने के लिए किसी अन्य अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए।