13वें वित्त आयोग ने मेवात क्षेत्र के अल्पसंख्यक व पिछड़े क्षेत्र में आठ आइटीआइ बनाने के लिए एक अरब रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री गीता भुक्कल ने सोमवार को यहां बताया कि इस परियोजना के तहत आठ नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना की जाएगी। अगले चार सालों के दौरान चार वर्तमान औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का विस्तार किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए 4500 अतिरिक्त सीटें सृजित होंगी। उन्होंने कहा कि 19 आइटीआइ को बहु-कौशल व मॉड्यूलर प्रशिक्षण के लिए उत्कृष्टता केन्द्रों के रूप में अपग्रेड किया जाएगा, जो अनेक ट्रेड को कवर करेगा। प्रत्येक आइटीआइ के अपग्रेडेशन के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा 75:25 के अनुपात में धन राशि खर्च की जाएगी। आधारभूत संरचना को अपग्रेड और प्रशिक्षण क्षमता में वृद्घि करने के लिए 178 करोड़ रुपये की विभिन्न केन्द्रीय वित्त पोषित परियोजना के तहत 69 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को अपग्रेड किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा लगभग 24,000 विद्यार्थियों की सीटों की क्षमता के साथ अब तक 56 नए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें से 23 नए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए हैं। व्यावसायिक शिक्षा संस्थानों को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में तबदील करके 22 ऐसे और संस्थानों को स्थापित किया गया है।
0 comments
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.