हरियाणा सरकार ने तबादलों से रोक हटा ली है। इससे मंत्रियों की पौ-बारह हो गई है। मंत्री खुद क्लास दो तक के अफसरों और मुलाजिमों के तबादले कर सकेंगे।
हरियाणा सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि एक जून से 30 जून तक आम तबादले हो सकेेंगे। मंत्रियों को तबादला करने का अधिकार तो होगा लेकिन तबादला नीति की पालना करनी होगी। वैसे तो मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूरे साल तबादला करते रहते हैं, लेकिन मंत्रियों को एक महीने की छूट दी जाती है और यह छूट भी क्लास दो तक के अफसरों और मुलाजिमों के तबादला करने के लिए होती है। क्लास वन अफसरों के तबादले तो अभी भी मुख्यमंत्री से ही होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय में तबादले करने का जिम्मा प्रिंसिपल ओएसडी एमएस चोपड़ा और ओएसडी बीआर बेरी के पास है। जब मंत्री तबादले कर देते हैं तो उनमें से कुछ लोग मुख्यमंत्री से तबादला वापस करा लेते हैं या रद करा लेते हैं। शिक्षा विभाग के टीचरों और नान टीचिंग स्टाफ की निगाहें तबादलों पर टिकी हैं। पिछले साल तबादले के लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन समय सीमा के भीतर तबादले नहीं हो सके थे।