Tuesday, May 22, 2012

जीजेयू में बैकलॉग और रोस्टर का मुद्दा गरमाया

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में शिक्षकों और गैर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ बैकलॉग और रोस्टर का मुद्दा गरमाने लगा है। नियुक्तियों को लेकर रोस्टर में कई जगह काटछांट है। पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों ने रोस्टर की जांच कराने और बैकलॉग से भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। 
प्रदर्शन आज 
पिछड़ा वर्ग छात्र संगठन के अध्यक्ष विनोद आर्य का कहना है कि यूजीसी ने बैकलॉग से भर्ती करने का पत्र लिखा था। यह प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी होनी थी। जीजेयू में मई महीने में प्रक्रिया शुरू हुई। यह बैकलॉग पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि नई भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरटीआई से मिले रोस्टर की प्रतियां दर्शाती हैं कि विश्वविद्यालय में पिछड़ों की सीटों में गड़बड़ी है। उनके हक के हिसाब से भर्ती नहीं की गई। इसकी जांच को लेकर मंगलवार को वीसी दफ्तर के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। 


नया रोस्टर लगाएंगे : वीसी 

जीजेयू के कुलपति डॉ. एमएल रंगा ने कहा है कि रोस्टर को लेकर गलतफहमी है। उसे चार बार आई जांच कमेटी ने संशोधित किया है। तभी रोस्टर में काटछांट हैं। इसे लेकर वित्तायुक्त को चिट्ठी भेजी गई है कि वे अपनी एक कमेटी को पुन: भेजे और नया रोस्टर लगाया जाए। 

कुलपति ने यह भी कहा कि नियमानुसार भर्ती हो रही है।बैकलॉग को भरा जा रहा है।अब एक बार में पूरा बैकलॉग नहीं भरा जा सकता। भविष्य में 70 से अधिक पदों के लिए भर्ती होनी है। बाकी तब पूरा कर लिया जाएगा। भर्ती में अनुसूचित जाति के लिए 33 और पिछड़ों के लिए 5 पद आरक्षित हैं। 

ये होंगी भर्तियां 

टीचिंग 101 

नॉन टीचिंग 13 

कुल 114